केंद्र की वित्तीय मदद पर राजनीति कर रही हिमाचल सरकार: जयराम ठाकुर
हमीरपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर केंद्र से मिल रही वित्तीय सहायता का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया है। हमीरपुर से रविवार काे जारी बयान में उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के सहयोग से हिमाचल में सड़क, आधारभूत ढांचे और विकास से जुड़ी कई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्र का आभार व्यक्त करने के बजाय इन परियोजनाओं का श्रेय लेने में लगे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सड़कों के निर्माण, रखरखाव और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए अरबों रुपये की सहायता केंद्र से मिली है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में जिन सड़कों के उद्घाटन और शिलान्यास किए जा रहे हैं, उनमें से कई परियोजनाओं का बजट केंद्र सरकार ने स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिल रही सहायता के लिए राज्य सरकार को आभार व्यक्त करना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार धर्मशाला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए आवश्यक 30 करोड़ रुपये तथा रेलवे परियोजनाओं में अपना 10 प्रतिशत अंशदान तक देने में असमर्थ है। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिलने वाली सहायता से प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों के सुधार का काम तेज हुआ है। फोरलेन और ग्रामीण सड़कों के विस्तार से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर यातायात सुविधाएं मिल रही हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का विस्तार केंद्र की मदद से संभव हुआ है। उन्होंने रामपुर विधानसभा क्षेत्र की 232.93 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इनका पूरा बजट केंद्र से मिला है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को भाजपा सांसद सुरेश कश्यप के प्रयासों से मंजूरी मिली, लेकिन कांग्रेस सरकार इसका राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला