प्रधानमंत्री से मिले जयराम ठाकुर, हिमाचल के महत्वपूर्ण मुद्दों पर की चर्चा
शिमला, 21 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों, विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और प्रदेश हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री को प्रदेश की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं और यहां विकास की अपनी विशेष चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया है। केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदेश के लाखों परिवारों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री से हिमाचल से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए केंद्र के सहयोग से हिमाचल के विकास को गति देती रही और विपक्ष में रहते हुए भी प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी।
नड्डा से भी की मुलाकात
नई दिल्ली प्रवास के दौरान जयराम ठाकुर ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी आत्मीय भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। दोनों नेताओं ने हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि नड्डा का हिमाचल के विकास और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला