जयराम ठाकुर ने गृह अमित शाह से की मुलाकात
शिमला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अमित शाह से मुलाकात में जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के हितों से संबंधित विषयों और लंबित परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए केंद्र से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
वहीं, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ हुई बैठक में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं, मंडी में निर्माणाधीन ‘शिवधाम’ प्रोजेक्ट तथा हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘शिवधाम’ परियोजना धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वाकांक्षी पहल है। इससे न केवल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला