जयराम ठाकुर ने अपनी गृह पंचायत मुरहाग में किया मतदान

 


मंडी, 30 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पंचायतीराज चुनाव के तीसरे और आखिरी चरण में शनिवार को मंडी जिला के अंतर्गत अपने सराज विधानसभा क्षेत्र की गृह पंचायत मुरहाग के मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। इस लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए प्रदेश के सभी मतदाताओं से सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और ग्रामीण विकास के लिए योग्य प्रतिनिधियों को चुनने का आग्रह किया।

इसके बाद उन्होंने सराज विधानसभा की ही ग्राम पंचायत तुंगाधार की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से घर में आत्मीय भेंट कर उन्हें नवीन दायित्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होने पर जनता का आभार जताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ये चुनाव पिछले साल दिसंबर में ही हो जाने चाहिए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर आपदा का बहाना बनाकर इन्हें छह महीने आगे खिसका दिया। क्योंकि सरकार की शुरू से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सामना करने की मंशा नहीं थी। जिसके खिलाफ भाजपा को हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी और अंततः देश की शीर्ष अदालत के कड़े आदेशों के बाद ही राज्य चुनाव आयोग ने इन चुनावों की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करते हुए कई तरह के षड़यंत्र और प्रलोभन वाले हथकंडे अपनाए। लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता ने सरकार के भारी दबाव और अनैतिक प्रलोभनों की परवाह किए बिना मतदान कर सरकार को जबरदस्त सबक सिखाया है।

उन्होंने दावा किया कि लगभग 75 प्रतिशत भाजपा विचारधारा के समर्थित प्रत्याशियों को अभूतपूर्व जीत दिलाकर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों और विकास कार्यों को रोकने वाली कार्यप्रणाली से पूरी तरह तंग आ चुकी है । जयराम ने कहा कि इस सेमीफाइनल माने जाने वाले पंचायती चुनाव में भाजपा ने जो प्रचंड बढ़त बनाई है वह सुक्खू सरकार की आंखें खोलने के लिए काफी है। जबकि मुख्यमंत्री अपनी साख बचाने के लिए लगातार झूठ का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने ये कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश दिया है जिसे सरकार को स्वीकार करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा