आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार गांधी बने हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक

 




शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार गांधी को हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम, कांगड़ा का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की गई है। इस पद का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे आईएएस अधिकारी विनय कुमार को जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।

कार्मिक विभाग की ओर से बुधवार को इस सम्बंध में अधिसूचना जारी हुई है।

गांधी की सेवाएं इससे पहले कार्मिक विभाग के अधीन रखी गई थीं। उन्हें 23 जनवरी को डीआईजी पद पर पदोन्नत किया गया था। इसके बाद 9 फरवरी को हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड के प्रबंध निदेशक के रूप में तैनाती दी गई। 24 फरवरी को उन्हें कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए। बाद में उन्हें डीआईजी ट्रैफिक, टूरिज्म एंड रेलवे (टीटीआर) नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने 24 मार्च से जिम्मेदारी संभाली।

गांधी इससे पहले शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। इस वर्ष फरवरी में एसएसपी पद से हटने के बाद शिमला के एसएसपी के आधिकारिक आवास को खाली नहीं करने को लेकर भी वह चर्चा में रहे। जून में पुलिस विभाग ने आवास खाली करने का निर्देश देते हुए उन पर करीब 1.8 लाख रुपये का दंडात्मक किराया लगाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा