अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को भी मिले नकद पुरस्कार व नौकरी

 


मंडी, 05 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को भी एक करोड़ रुपए पुरस्कार व नौकरी देने को लेकर आवाज बुलंद होने लगी है। हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, भारतीय खो-खो संघ के संयुक्त सचिव एवं हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के महासचिव एल आर वर्मा, सीईओ देवीदत्त तनवर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवीण दुबे, पवन ठाकुर व प्रदेश मीडिया प्रभारी प्यार चंद सकलानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला से संबंध रखने वाली अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को पुरस्कार स्वरूप एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि व नौकरी देने को लेकर आवाज बुलंद की है।

उन्होंने कहा कि नीता राणा खो-खो विश्व कप की विजेता रही भारतीय टीम की हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट विश्व कप की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी रोहड़ू निवासी रेणुका ठाकुर को एक करोड़ रुपये पुरस्कार व नौकरी देने की घोषणा कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का सराहनीय कदम है, लेकिन खो-खो विश्व कप की विजेता रही भारतीय टीम की सदस्य नीता राणा भी एक करोड़ रुपये पुरस्कार व नौकरी की हकदार है।

उन्होंने कहा कि नीता राणा ने खो-खो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश को गौरान्वित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से नीता राणा को हिमाचल महिला क्रिकेटर रेणुका ठाकुर की तर्ज पर पुरस्कार राशि व नौकरी प्रदान करने की पुरजोर बकालत की है ताकि प्रदेश के अन्य खिलाड़ी भी प्रोत्साहित होकर खेलों में हिमाचल प्रदेश को विश्व पटल पर पहचान दिला सके।

बता दें कि 13 से 19 जनवरी तक नई दिल्ली में पुरुष व महिला खो-खो विश्व कप आयोजित किया गया था, जिसमें पुरुष व महिला दोनों वर्ग में भारत की टीम चैंपियन बनी थी। विश्व कप जीतने के बाद जब नीता राणा अपने घर कुल्लू पहुंची थी तो कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर व अन्य विधायकों सहित स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया था और शहर रोड़ भी निकाला था, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से विश्व विजेता खिलाड़ी को कोई मान सम्मान नहीं दिया गया। अब जब रेणुका ठाकुर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक करोड़ रुपये पुरस्कार व नौकरी देने की बात कही है तो अब हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ ने अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा के पक्ष में उतर उन्हें भी एक करोड़ रुपए प्रोत्साहन राशि व नौकरी देने को आवाज बुलंद की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा