तक्षशिला स्कूल में इंटरैक्ट क्लब की दूसरी इंस्टॉलेशन सेरेमनी, गोपिका बनीं अध्यक्ष, स्नेहा सचिव

 


मंडी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। तक्षशिला स्कूल, मंडी में रोटरी क्लब छोटी काशी मंडी के इंटरैक्ट क्लब की दूसरी इंस्टॉलेशन सेरेमनी आयोजित की गई। स्कूल में इंटरैक्ट क्लब का गठन पिछले वर्ष किया गया था। समारोह के दौरान नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और उन्हें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा समाजसेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।

इंटरैक्ट क्लब, रोटरी इंटरनेशनल का एक युवा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, आपसी सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, संगठनात्मक कौशल विकसित करने और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलता है।

समारोह में गोपिका को अध्यक्ष, स्नेहा को सचिव, देवर्ष को उपाध्यक्ष और सुमित को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। रोटरी क्लब छोटी काशी मंडी की प्रेजिडेंट-इलेक्ट रोटेरियन सुदर्शन कौर ने इंस्टॉलेशन अधिकारी के रूप में नवनियुक्त अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई।

उन्होंने विद्यार्थियों को उनके दायित्वों के बारे में बताते हुए कहा कि पद केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने और दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर है। इस अवसर पर रोटेरियन अनुराधा सूद और रोटेरियन अमर कौर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज लगाकर उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

सुदर्शन कौर ने अपने संबोधन में रोटरी के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और मानवीय सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि रोटरी विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर समाज की जरूरतों को समझने और उनके समाधान के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। इंटरैक्ट क्लब इसी सेवा भावना को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा लें और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रयास करें।

रोटरी क्लब के ट्रेनर मुनिश सूद ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षा के साथ-साथ चरित्र, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मविश्वासी, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

नवनियुक्त अध्यक्ष गोपिका और सचिव स्नेहा ने भी समारोह में अपने विचार साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा