मंडी जिला के जॉनी चौधरी भारतीय अंडर-20 कुश्ती टीम के कोच नियुक्त
मंडी, 28 जून (हि.स.)। जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल के जरल गांव निवासी एवं अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच जॉनी चौधरी का चयन भारतीय अंडर-20 पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम के कोच के रूप में हुआ है। वह 30 जून से 5 जुलाई 2026 तक थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंडर-20 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम के कोच के रूप में प्रतिनिधित्व करेंगे।
जॉनी चौधरी परशुराम पुरस्कार से सम्मानित हैं, जो हिमाचल प्रदेश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। वह एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच भी हैं। भारतीय टीम के कोच के रूप में उनका चयन जिला मंडी एवं पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर जॉनी चौधरी ने हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ, भारतीय कुश्ती महासंघ , भारतीय खेल प्राधिकरण साई तथा हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर का उन पर विश्वास जताने, सहयोग प्रदान करने और भारतीय टीम के कोच के रूप में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का कोच बनना उनके लिए गर्व, सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी का विषय है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे तथा भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इस उपलब्धि पर जिला मंडी कुश्ती संघ के अध्यक्ष अंकित जमवाल एवं महासचिव सुरेंद्र चौधरी ने जॉनी चौधरी को भारतीय अंडर-20 पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम का कोच नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जॉनी चौधरी के अनुभव का लाभ भारतीय टीम को मिलेगा तथा टीम चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा