अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 19 से 24 नवंबर तक, शोभायात्रा और आरती समेत होंगे कई आयोजन

 




नाहन, 19 सितंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला इस वर्ष 19 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को श्री रेणुकाजी स्थित कुब्जा पवेलियन में श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

विनय कुमार ने कहा कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी क्षेत्र के देवी-देवताओं को मेले में आमंत्रित किया जाएगा। मेले के दौरान पारंपरिक शोभायात्रा, रेणुका घाट पर आरती और नौका विहार का आयोजन होगा। उन्होंने अधिकारियों तथा सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों से मेले की तैयारियों के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जनसमर्थन और जनभागीदारी से ही यह मेला हर वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित होता रहा है। उन्होंने मेले में स्वच्छता के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर उचित रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मेले के दौरान खाद्य वस्तुओं की नियमित जांच, अस्थायी पाइप लाइनों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। विभागीय अधिकारियों को परिवहन, यातायात और पार्किंग व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। मेले के दौरान चयनित स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। विभिन्न विभागों की ओर से प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को दर्शाने वाली प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जिससे मेले में आने वाले लोगों को इन योजनाओं की जानकारी मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर