हिमाचल की अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को 30 लाख का ईनाम

 


मंडी, 05 जुलाई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराने वाली हिमाचल प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को 30 लाख रुपए के ईनाम से नवाजा गया है। भारतीय खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मिल व महासचिव उपकार सिंह विर्क के प्रयासों से भारत सरकार ने विश्व कप विजेता भारतीय खो-खो टीम के सभी खिलाड़ियों को 30-30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया है। बीते साल 13 जनवरी 2025 से 19 जनवरी 2025 तक नई दिल्ली में पहला खो-खो वर्ल्ड कप हुआ था, जिसमें हिमाचल प्रदेश के कुल्लू की रहने वाली नीता राणा भी भारतीय खो-खो टीम का हिस्सा थी और भारत की झोली में विश्व कप दिलाने में नीता राणा ने भी टीम में अहम भूमिका निभाई थी।

हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, भारतीय खो-खो महासंघ के संयुक्त सचिव एवं हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के महासचिव एल आर वर्मा, सीईओ देवीदत्त तनवर, प्रैस सचिव प्यार चंद सकलानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भारतीय खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मिल व महासचिव उपकार सिंह विर्क का आभार जताते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी भारतीय खो-खो महासंघ खो-खो खेल को ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारतीय खो-खो टीम एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स में अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल प्राप्त करके देश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में भारतीय खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल के अथक प्रयासों से खो-खो खेल ओलंपिक गेम्स में शामिल होगा। हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के पदाधिकारियों ने नीता देवी राणा को 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी वह विश्व पटल पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

वहीं संघ ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मांडवीया व हिमाचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं भारत सरकार में पूर्व खेल मंत्री रहे अनुराग ठाकुर का तहेदिल से आभार जताया है, जिन्होंने भारतीय खो-खो टीम को इस प्रोत्साहन राशि से नवाज कर खो-खो खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया है। हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व खेल मंत्री यादविंदर गोमा से पूरजोर मांग की है कि क्रिकेटर की तर्ज पर हिमाचल की अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को भी प्रोत्साहन राशि व सरकारी नौकरी से नवाजा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा