अंतरराष्ट्रीय सम्मान से गौरवान्वित हुईं मंडी की बेटी प्रो. नीतिका कौशल

 


मंडी, 20 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र की बेटी एवं उत्तराखंड की बहू प्रो. नीतिका कौशल को शिक्षा, अनुसंधान, अकादमिक उत्कृष्टता एवं संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें देहरादून स्थित वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एआई इनोवेशन्स इन हेल्थ केयर : शेपिंग द फ्यूचर ऑफ विकसित भारत–2047 के दौरान प्रदान किया गया।

सम्मेलन का आयोजन सोसायटी ऑफ हेल्थ एजुकेशन एंड रिसर्च एसएचईआर द्वारा विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के सहयोग से किया गया। जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र से संबंध रखने वाली प्रो. नीतिका कौशल, तरुणा कौशल एवं महेश कौशल की सुपुत्री हैं। अपनी मेहनत, लगन एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के बल पर उन्होंने नर्सिंग शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। वर्तमान में वे नारायण स्वामी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रस बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून में प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

प्रो. नीतिका कौशल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों को देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा, अनुसंधान एवं समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा