इनर व्हील क्लब मंडी: नीरज शर्मा ने संभाली क्लब के अध्यक्ष पद की कमान
मंडी, 30 जुलाई (हि.स.)। इनर व्हील क्लब, मंडी का सम्मान एवं पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष सोमा राणा ने की। बैठक का औपचारिक शुभारंभ इनर व्हील प्रार्थना के साथ हुआ। इस समारोह में आईडब्ल्यूसी सुंदरनगर ब्रांच की पूर्व अध्यक्ष अंजू ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात निवर्तमान अध्यक्ष सोमा राणा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया और अपने कार्यकाल के दौरान क्लब द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक व सेवा कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 की नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज शर्मा को अध्यक्षीय पिन, गैबल एवं क्लब चार्टर का हस्तांतरण कर विधिवत पदभार सौंपा गया। इसके उपरांत नवनिर्मित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। पूर्व कोषाध्यक्ष वीना राणा ने क्लब का वित्तीय ब्योरा प्रस्तुत किया, वहीं मैडम पूनम कोहली ने नए सदस्यों का परिचय करवाया। इनर व्हील क्लब, मंडी की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष नीरज शर्मा, सचिव चारू वैद्य, कोषाध्यक्ष सुकृति कपूर, संपादक सुश्री पंकज भंडारी, आई.एस.ओ. जानकी राणा को कार्यभार सौंपा गया। क्लब द्वारा हाल ही में किए गए जनसेवा कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। जिनमें कैंसर पीड़ित स्व. परम देव के परिवार को आपातकालीन वित्तीय सहायता, कैंसर पीड़ित नीलम कुमारी के इलाज हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करना आदि शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अंजू ठाकुर ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा