इंडियन ऑयल ने लॉन्च किया 10 किलो का गैस सिलेंडर, 180 मिनट में डिलीवरी का दावा

 


शिमला, 07 अगस्त (हि.स.)। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को तेज और आसान सेवा देने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल ने शुक्रवार को शिमला में 10 किलोग्राम का नया हल्का कम्पोज़िट एलपीजी सिलेंडर ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि इस सिलेंडर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दिन के समय बुकिंग होने पर वितरक के सेवा क्षेत्र के भीतर इसे 180 मिनट के अंदर ग्राहक तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

यह सेवा शिमला के साथ पंजाब स्टेट ऑफिस के अंतर्गत आने वाले जीरकपुर, चंडीगढ़, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और सुनाम में भी शुरू की गई है। इंडियन ऑयल के अनुसार यह इस नए उत्पाद के चरणबद्ध विस्तार की शुरुआत है। कंपनी का कहना है कि यह सिलेंडर विशेष रूप से शहरी परिवारों, कामकाजी लोगों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और छोटे परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

कंपनी के अनुसार 10 किलोग्राम का यह कम्पोज़िट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में करीब 50 प्रतिशत तक हल्का है। इसके कारण इसे उठाना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना आसान होगा। सिलेंडर की बॉडी जंग नहीं पकड़ती और इसमें पारदर्शी पट्टियां दी गई हैं, जिनसे अंदर बची एलपीजी की मात्रा देखी जा सकती है। इसमें अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएं भी शामिल हैं। नया कनेक्शन कम दस्तावेजों के साथ लिया जा सकता है और इसकी बुकिंग इंडियनऑयल वन ऐप या कंपनी के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जा सकती है।

इस सेवा के तहत पारंपरिक घरेलू एलपीजी कनेक्शन की तुलना में तेज नामांकन और डिजिटल प्रक्रिया उपलब्ध कराई गई है। कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहकों को कम समय में कनेक्शन और गैस सिलेंडर मिल सकेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यम से पूरी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा भी मिलेगी।

इस नए उत्पाद का औपचारिक शुभारंभ जीरकपुर स्थित मेसर्स मिल्खी इंडेन में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं पंजाब स्टेट ऑफिस के राज्य प्रमुख आशुतोष गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एलपीजी) परमेश्वर, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, वितरक और बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के पहले पांच ग्राहकों को इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ कनेक्शन भी दिया गया।

आशुतोष गुप्ता ने कहा कि इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ कंपनी की नवाचार, सुरक्षा और ग्राहक सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 180 मिनट में डिलीवरी और हल्के कम्पोज़िट सिलेंडर के माध्यम से ग्राहक सेवा को और बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। वहीं, मुख्य महाप्रबंधक परमेश्वर ने कहा कि यह नई सेवा मौजूदा समय के उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उनके अनुसार कम्पोज़िट सिलेंडर तकनीक, डिजिटल सुविधा और तेज डिलीवरी के मेल से ग्राहकों के अनुभव में सुधार आएगा और वितरकों के लिए भी नए व्यावसायिक अवसर बनेंगे।

कार्यक्रम के दौरान नए ग्राहकों और बेहतर काम करने वाले डिलीवरी कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ के विशेष डिलीवरी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कंपनी का कहना है कि इस नई सेवा के माध्यम से घरेलू एलपीजी वितरण को अधिक तेज, सुरक्षित, सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक नया कदम उठाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा