आईएमए की पासिंग आउट परेड में चमका सिरमौर, गिरिपार के दो युवाओं ने कंधों पर सजाए लेफ्टिनेंट के सितारे

 




नाहन, 13 जून (हि.स.)। जिला सिरमौर के लिए शनिवार गर्व का दिन बन गया, जब गिरिपार क्षेत्र के दो युवा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने। दोनों अधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामय उपस्थिति में इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान देश सेवा की शपथ ली।

भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र के पदाधिकारी नरेंद्र सिंह ठुंडू ने बताया कि गांव भेड़ीवाली (सालवाला-सतौन के निकट) निवासी अतर ठुंडू के पुत्र लेफ्टिनेंट तेजेंद्र ठाकुर और गांव लोजा हलांह, तहसील शिलाई निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल जगत चौहान के पुत्र लेफ्टिनेंट विवेक चौहान ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

आईएमए देहरादून में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में कुल 515 अधिकारी शामिल हुए। इनमें 481 भारतीय कैडेट, पहली बार 9 महिला कैडेट और 16 मित्र देशों के 34 कैडेट भी शामिल रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में सभी अधिकारियों ने देश सेवा की शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद लेफ्टिनेंट तेजेंद्र ठाकुर पांवटा साहिब पहुंचे, जहां भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र के पदाधिकारियों ने उनका और उनके परिजनों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र और देश के शहीद सैनिकों को नमन करते हुए शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष करनैल सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र, प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह मुकाम कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर