सोलंगनाला में 1,200 बोतल अवैध शराब के साथ ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
कुल्लू, 16 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब और नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत मनाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोलंगनाला के समीप नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से बिना वैध परमिट और लाइसेंस के ले जाई जा रही 'रॉयल स्टेज' ब्रांड की 1,200 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 15 जुलाई को मनाली पुलिस की टीम फर्स्ट स्नो गैलरी, सोलंगनाला के पास नियमित गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक (नंबर एचपी-30बी-2006) को तलाशी के लिए रोका गया। जब पुलिस टीम ने चालक से ट्रक में लदे सामान के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। चालक की घबराहट और संदेह के आधार पर जब पुलिस ने ट्रक की गहनता से तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। ट्रक के भीतर रॉयल स्टेज ब्रांड की शराब की 100 पेटियां छिपाई गई थीं। प्रत्येक पेटी में 750 एमएल की 12 बोतलें थीं, जिनकी कुल संख्या 1,200 बोतल आंकी गई है।
पुलिस ने जब चालक से इतनी बड़ी मात्रा में शराब ले जाने से संबंधित परमिट या कोई भी कानूनी दस्तावेज दिखाने को कहा, तो वह मौके पर कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार बरामद शराब के नमूने सील किए और शेष बची शराब व ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 46 वर्षीय चेत राम पुत्र बिक्रम जीत, निवासी गांव घर्ट गाड़, डाकघर चनौन, तहसील बंजार, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) मनाली, के.डी. शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना मनाली में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत एफआईआर संख्या 102/2026 दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लोड की गई थी और इसे बिना वैध अनुमति के किस ठिकाने पर पहुंचाया जाना था। इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य चेहरों को भी जल्द बेनकाब कर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह