आईआईटी मंडी की ओशीन महाजन ने 40वीं इंटर-आईआईटी एक्वाटिक मीट में जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

 


मंडी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आईआईटी मंडी की बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा और चंडीगढ़ निवासी ओशीन महाजन ने आईआईटी खड़गपुर में आयोजित 40वीं इंटर-आईआईटी एक्वाटिक मीट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए हैं। ओशीन ने महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी स्पर्धा में स्वर्ण पदक, 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में रजत पदक और 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर की इस अंतर-आईआईटी प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इंटर-आईआईटी एक्वाटिक मीट एक वार्षिक खेल प्रतियोगिता है, जिसमें देशभर के विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के छात्र-छात्राएं तैराकी सहित विभिन्न जलीय खेल स्पर्धाओं में भाग लेते हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता के 40वें संस्करण का आयोजन आईआईटी खड़गपुर में किया गया, जिसमें विभिन्न आईआईटी के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ओशीन की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि ओशीन की सफलता पूरे आईआईटी मंडी परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उनका प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। आईआईटी मंडी अपने विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि खेल सहित अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है।

इस अवसर पर आईआईटी मंडी के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. तुषार जैन ने कहा कि इंटर-आईआईटी एक्वाटिक मीट में तीन पदक जीतना एक सराहनीय उपलब्धि है। ओशीन का प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। हमें अपने विद्यार्थियों को इस स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते देखकर प्रसन्नता होती है। संस्थान आगे भी विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा। ओशीन महाजन की यह उपलब्धि आईआईटी मंडी की खेल उपलब्धियों को और मजबूती प्रदान करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा