आईआईटी मंडी ने इंडिया टुडे–एमडीआरए रैंकिंग में दर्ज की लगातार बढ़त
मंडी, 09 सितंबर (हि.स.)। आईआईटी मंडी ने इंडिया टुडे–एमडीआरए रैंकिंग 2026 की प्रमुख श्रेणियों में लगातार सुधार दर्ज किया है। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे, छात्र विकास, प्लेसमेंट और संस्थागत प्रतिष्ठा को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
तकनीकी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने वर्ष 2026 में देशभर में 7वां स्थान हासिल किया है, जबकि वर्ष 2025 में संस्थान 8वें स्थान पर था। इस श्रेणी में आईआईटी मंडी ने 2000 में से 1616.1 का कुल स्कोर प्राप्त किया है।
इंजीनियरिंग श्रेणी में भी संस्थान की राष्ट्रीय रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आईआईटी मंडी ने देश के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में 11वां स्थान हासिल किया है, जबकि वर्ष 2025 में यह 13वें स्थान पर था। वहीं, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने देशभर में 10वां स्थान प्राप्त किया है, जो पिछले वर्ष के 12वें स्थान से दो पायदान का सुधार है। इंजीनियरिंग श्रेणी में संस्थान का कुल स्कोर 2000 में से 1692.6 रहा, जिसमें 967.4 का ऑब्जेक्टिव स्कोर और 725.2 का परसेप्चुअल स्कोर शामिल है।
उभरते हुए सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में संस्थान केवल आईआईटी गांधीनगर और आईआईटी पटना से पीछे रहा। यह श्रेणी अपेक्षाकृत नए संस्थानों के प्रदर्शन को मान्यता देती है, जिन्होंने कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान और उपस्थिति स्थापित की है।
आईआईटी मंडी को सर्वाधिक सुधार करने वाले सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में भी देशभर में छठा स्थान मिला है। इंडिया टुडे इस श्रेणी का निर्धारण वर्ष 2022 से 2026 के बीच पांच वर्षों की अवधि में संस्थान की रैंकिंग में हुए प्रतिशत सुधार के आधार पर करता है। यह उपलब्धि केवल मौजूदा वर्ष में संस्थान के प्रदर्शन को ही नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों में इसकी निरंतर प्रगति और सकारात्मक दिशा को भी रेखांकित करती है।
इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा, निदेशक, आईआईटी मंडी ने कहा कि इंडिया टुडे–एमडीआरए रैंकिंग में आईआईटी मंडी की लगातार बेहतर होती स्थिति हमारे संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और संस्थागत साझेदारों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारी प्रगति अकादमिक उत्कृष्टता, उच्च प्रभाव वाले शोध, नवाचार, उद्यमिता और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने से प्रेरित रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा