आईआईटी मंडी सहित शीर्ष संस्थानों के छात्रों को जापान में 56 लाख रूपए तक के पैकेज

 


मंडी, 03 अप्रैल (हि.स.)। मंडी सहित देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों के छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान की कंपनियों में उच्च वेतन पैकेज हासिल किए हैं। एआई आधारित प्लेटफॉर्म कांगनवी के माध्यम से चयनित 13 छात्रों को 42.15 लाख से 56.27 लाख रूपए तक के सालाना पैकेज मिले हैं।

इन चयनित छात्रों में आईआईटी मंडी के साथ-साथ आईआईटी मद्रास और SRM Institute of Science and Technology जैसे संस्थानों के छात्र शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय इंजीनियरिंग प्रतिभा की मजबूत मांग बनी हुई है, जिसका प्रमाण इन अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट्स से मिलता है।

जानकारी के अनुसार कुल 127 छात्रों ने इस प्रक्रिया में आवेदन किया था, जिसमें से एआई आधारित स्किल मैपिंग, वीडियो असेसमेंट और कल्चर फिट एनालिसिस के बाद 20 छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया गया और अंततः 13 छात्रों का चयन हुआ। चयनित छात्रों को जापान की मैन्युफैक्चरिंग और टेक कंपनियों में डेटा इंजीनियरिंग, सिस्टम इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल डेवलपमेंट और प्रोडक्ट डिजाइन जैसी भूमिकाओं में नियुक्त किया गया है।

Cognavi इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीटीओ वरुण मोदगिल ने कहा कि भारत में प्रतिभा की कमी नहीं है, बल्कि वैश्विक अवसरों से जुड़ने की चुनौती है, जिसे एआई तकनीक के जरिए दूर किया जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के एआई आधारित प्लेटफॉर्म भारतीय छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर के नए अवसर खोल रहे हैं, खासकर कोर इंजीनियरिंग क्षेत्रों में। Cognavi वर्तमान में देश के 300 से अधिक इंजीनियरिंग संस्थानों के साथ काम कर रहा है और भारतीय प्रतिभा को वैश्विक कंपनियों से जोड़ने की दिशा में तेजी से विस्तार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा