इग्नू ने परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि सात अक्टूबर तक बढ़ाई
शिमला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर सात अक्टूबर 2026 कर दी है। जो छात्र अभी तक परीक्षा फार्म नहीं भर पाए हैं, वे निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन फार्म जमा कर सकते हैं।
इग्नू के अनुसार विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म आठ अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक भी भरा जा सकेगा। जनवरी 2026 सत्र में विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री व डिप्लोमा कार्यक्रमों में पंजीकृत छात्र इस परीक्षा के लिए पात्र हैं। इसके अलावा जुलाई 2026 सत्र में विभिन्न प्रमाणपत्र और सेमेस्टर आधारित स्नातक व स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रमों में पंजीकृत छात्र भी दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। इसके लिए लिंक इग्नू की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षा फार्म भरने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा