केके पंत को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार, सरकार ने जारी किए आदेश

 


शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत (केके पंत) को मुख्य सचिव का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। सोमवार को कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल ने उन्हें तत्काल प्रभाव से मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपने के आदेश दिए हैं।

केके पंत वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) एवं वित्त आयुक्त (राजस्व) के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा उनके पास अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन, गृह एवं सतर्कता) तथा हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का दायित्व भी है। अब वह मुख्य सचिव का अतिरिक्त पद भी संभालेंगे।

राज्य के पूर्व मुख्य सचिव संजय गुप्ता 30 मई को सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही थी। सरकार ने आखिरकार वरिष्ठता को आधार बनाते हुए केके पंत पर भरोसा जताया है।

दिलचस्प बात यह है कि संजय गुप्ता को भी शुरू में मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। हालांकि सेवानिवृत्त होने से 5 दिन पहले सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त किया था। अब उनके सेवानिवृत्त होने के बाद केके पंत को मुख्य सचिव का अतिरिक्त जिम्मा मिला है।

केके पंत मूल रूप से उत्तराखंड से संबंध रखते हैं और प्रशासनिक हलकों में उन्हें एक अनुभवी तथा स्वीकार्य अधिकारी माना जाता है। वह वर्ष 2024 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से हिमाचल प्रदेश लौटे थे। इसके बाद उन्हें सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनका प्रशासनिक अनुभव और वरिष्ठता उनके पक्ष में महत्वपूर्ण कारक माने जा रहे हैं।

केके पंत की नियुक्ति के साथ ही उन आईएएस अधिकारियों को झटका लगा है, जिनके नाम भी मुख्य सचिव पद के संभावित दावेदारों में लिए जा रहे थे। इनमें 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ओंकार शर्मा का नाम प्रमुख था। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से संबंध रखने वाले ओंकार शर्मा को भी इस पद के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा था। उनकी सेवानिवृत्ति अगले वर्ष फरवरी में प्रस्तावित है। ऐसे में उनके पास अपेक्षाकृत कम कार्यकाल बचा हुआ था, जबकि केके पंत को लंबा कार्यकाल उपलब्ध है। केके पंत 31 दिसंबर 2030 को सेवानिवृत्त होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा