शोंगटोंग-कड़छम जल विद्युत परियोजना का 75 फीसदी काम पूरा : सीएम सुक्खू
शिमला, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि सतलुज नदी पर बन रही 450 मेगावाट क्षमता की शोंगटोंग-कड़छम जल विद्युत परियोजना का करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने अपने दो दिवसीय किन्नौर दौरे के दौरान मंगलवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने परियोजना के पावरहाउस, सर्ज शाफ्ट और बैराज क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना के पहले चरण को जनवरी 2027 तक पूरा किया जाए, ताकि तय समयसीमा के अनुसार कार्य आगे बढ़ सके और परियोजना जल्द पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और हिमाचल में सतत विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके अनुसार यह परियोजना राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत करने और पर्यावरण के अनुकूल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैराज, हेड रेस टनल और पावरहाउस जैसे प्रमुख सिविल कार्य अंतिम चरण में हैं, जबकि विद्युत और यांत्रिक कार्य भी तय समय के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। परियोजना के पूरा होने के बाद हर साल लगभग 1,579 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की संभावना है, जिससे राज्य की ऊर्जा क्षमता और ग्रिड स्थिरता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को हर वर्ष करीब 900 करोड़ रुपये का योगदान मिलने का अनुमान है। निर्माण कार्य में आ रही स्थल-विशिष्ट चुनौतियों को दूर करने के लिए तकनीकी उपाय लगातार अपनाए जा रहे हैं, जिससे काम की गति बढ़ी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला