रायत बाहरा की टीम बनी 52 वीं ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता
मंडी, 22 नवंबर (हि.स.)। मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में रविवार को खेले गए 52 वीं अखिल भारतीय ग्रीष्मकालीन फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में रायत बाहरा की टीम ने जेएस विजडम उना को 2-1 से हरा कर विजेता का खिताब जीत लिया। फाइनल बेहद रोमांचक रहा तथा दोनों टीमें कई बार एक दूसरे पर भारी पड़ती नजर आई। रायत बाहरा की टीम ने दो गोल किए जबकि जेके विजडम उना की टीम एक ही गोल कर पाई। पांच दिन चली इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया।
लीग कम नॉक आउट आधार पर खेली गई इस प्रतियोगिता देश भर की नामी गिरामी टीमों ने भाग लिया। विजेता व उपविजेता टीमों व खिलाड़ियों को उपायुक्त मंडी भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अपूर्व देवगन ने पुरस्कार व ट्ाफियां वितरित की। इससे पहले उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के समापन मौके पर प्रतियोगिता की आयोजन समिति के सचिव राजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष हेमंत राज वैद्य, संतोष कपूर, सुनील कुमार, परमानंद सैणी, राजकुमार पिंका, भूपेंद्र काउ, हंस राज, राजीव शर्मा, प्रदीप भारद्वाज समेत कई गणमान्य लोग व दर्शक मौजूद रहे। गौरतलब है कि मंडी में यह प्रतियोगिता पिछले 52 सालों से आयोजित होती आ रही है। देश भर से नामी खिलाड़ी इसमें आते रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा