प्रकाश राणा ने किया आरोपों को सिरे से खारिज, एचआरटीसी यूनियन पर लगाया साजिश का आरोप

 


मंडी, 12 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर से भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि उन्हें इस बात का पता सोशल मीडिया के माध्यम से चला है। उन्होंने आरोपों को सिरे से खारिज कर इसे एचआरटीसी यूनियन की साजिश करार दिया है। लडभड़ोल के बनांदर में पत्रकारों से बात करते हुए विधायक प्रकाश राणा ने एचआरटीसी यूनियन पर राजनीतिक साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया।

उन्होंने चेतावनी दी है कि बिना सबूत उनके खिलाफ वह मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

गौर तलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दावा किया गया कि एचआरटीसी बस कंडक्टर के साथ मारपीट करने वाला युवक विधायक के ड्राइवर का बेटा है। प्रकाश राणा का कहना है कि यह सरासर झूठ है उनकी छवि को कुछ लोगों द्वारा धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनके ड्राइवर का बेटा बिल्कुल भी शामिल नहीं है। विधायक ने मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज न होने पर प्रकाश राणा ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथे लिया ।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों पर सत्ताधारी नेताओं का दबाव है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। विधायक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, एचआरटीसी प्रबंधन, मंडी एसपी और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी गलत का समर्थन नहीं किया है। वह हिमाचल में केवल जनता की सेवा करने के इरादे से आए हैं तथा ईश्वर को साक्षी मानकर अपना धर्म और कर्म निभा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा