एचआरटीसी पेंशनरों की लंबित देनदारियों पर नाराजगी, निगम मुख्यालय के बाहर धरना
शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों ने लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान न होने पर एक बार फिर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को एचआरटीसी पेंशनर संघर्ष समिति के बैनर तले पेंशनरों ने निगम मुख्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। पेंशनरों ने महंगाई भत्ते की शेष राशि, वेतनमान का एरियर, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट सहित अन्य लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग उठाई।
पेंशनरों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी वित्तीय देनदारियों के भुगतान के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि पेंशन समय पर नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई के बीच नियमित पेंशन और अन्य देय राशि का समय पर भुगतान नहीं होने से उनके लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
संघर्ष समिति के अनुसार एचआरटीसी पेंशनर कुल 8 फीसदी महंगाई भत्ते के हकदार हैं, लेकिन निगम की ओर से अभी तक केवल 3 फीसदी डीए ही जारी किया गया है। शेष 5 फीसदी महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं हुआ है। पेंशनरों का कहना है कि राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों और पेंशनरों को 5 फीसदी महंगाई भत्ता दिया गया है, जबकि निगम के पेंशनर इससे वंचित हैं। इसके अलावा वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान का एरियर भी लंबित है।
पेंशनरों ने मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई महीनों से चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल लंबित पड़े हैं। इसके साथ ही ग्रेच्युटी और छुट्टियों के बदले मिलने वाली राशि यानी लीव इनकैशमेंट का भुगतान भी नहीं किया गया है। पेंशनर संघर्ष समिति का कहना है कि महंगाई भत्ता उनके लिए केवल अतिरिक्त आर्थिक लाभ नहीं है, बल्कि बढ़ती महंगाई के बीच परिवार का खर्च चलाने का एक महत्वपूर्ण सहारा है।
प्रदर्शन के दौरान पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। समिति के अनुसार आगामी बजट सत्र के दौरान भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद जून और सितंबर में भी आंदोलन के माध्यम से अपनी मांगें उठाई जाएंगी। पेंशनरों ने कहा कि लगातार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं निकला तो वे आगामी चुनाव में भी सरकार को इसका जवाब देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा