एचआरटीसी कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों का होगा भुगतान, सरकार ने जारी किए 20 करोड़ रुपये
शिमला, 20 जून (हि.स.)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबे समय से लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान अब जल्द होने जा रहा है। राज्य सरकार ने मेडिकल बिलों की अदायगी के लिए 20 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है, जिसके बाद अगले तीन दिनों के भीतर पात्र कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के खातों में भुगतान किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस फैसले से निगम के करीब पांच हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों और लगभग 11 हजार कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिलेगी। लंबे समय से कर्मचारियों और उनके परिवारों के इलाज से जुड़े मेडिकल बिल लंबित पड़े थे, जिनके भुगतान की मांग लगातार उठाई जा रही थी।
हालांकि एचआरटीसी प्रबंधन गंभीर बीमारियों से ग्रस्त कर्मचारियों और पेंशनरों के चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए हर महीने 30 से 40 लाख रुपये नियमित रूप से जारी करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावे लंबित थे। कई कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से अपने मेडिकल खर्चों की अदायगी का इंतजार कर रहे थे।
मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर निगम कर्मचारी संगठनों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कई बार सरकार और निगम प्रबंधन से मांग उठाई थी। धन की कमी के कारण यह मामला लंबे समय से अटका हुआ था। अब सरकार की ओर से 20 करोड़ रुपये की राशि जारी किए जाने के बाद लंबित भुगतान का रास्ता साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार स्वीकृत राशि एचआरटीसी को उपलब्ध करा दी गई है और अब लंबित मेडिकल बिलों की अदायगी अगले तीन दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी। इससे हजारों कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा