सरकार ने एच आर टी सी के नाहन डिपो को दी 25 इलेक्ट्रिक बसें, दो महीने में 10 वापस, 7 डीजल बसें भी दूसरे डिपो को भेजीं
नाहन, 29 सितंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के एकमात्र एचआरटीसी नाहन डिपो को इलेक्ट्रिक बसों से लैस कर ई-डिपो बनाने की योजना को दो माह में ही बड़ा झटका लगा है। जुलाई-अगस्त माह में डिपो को मिली 25 इलेक्ट्रिक बसों में से 10 बसें निगम प्रबंधन ने वापस लेकर रोहड़ू, रामपुर और पठानकोट डिपो भेज दीं। इतना ही नहीं, नाहन डिपो की 7 डीजल बसें भी शिमला जिले के अलग-अलग डिपो को भेज दी गई हैं। ऐसे में सिरमौर में बस रूटों का प्रभावित होना लाजमी है।
प्रदेश सरकार ने जुलाई में नाहन डिपो को 15 इलेक्ट्रिक बसें दी थीं। इसके बाद 4 अगस्त को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नाहन बस स्टैंड पर इन बसों का विधिवत शुभारंभ किया। 20 अगस्त तक डिपो को 10 और इलेक्ट्रिक बसें मिल गईं और नाहन डिपो के बेड़े में कुल 25 इलेक्ट्रिक बसें हो गईं।इन बसों के आने के बाद सिरमौर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और नाहन डिपो को ई-डिपो के रूप में विकसित करने की उम्मीद जगी थी, लेकिन करीब दो महीने के भीतर ही नाहन से 10 इलेक्ट्रिक बसें दूसरे डिपो में भेज दी गईं।
जानकारी मिली है कि इसमें तीन रोहड़ू, दो रामपुर और पांच बसें पठानकोट डिपो को भेजी गई हैं। इसके साथ ही नाहन डिपो की 7 डीजल बसें भी शिमला जिले के नेरवा, तारा देवी, रोहड़ू और शिमला लोकल यूनिट को भेजी हैं। एक और डीजल बस लोकल यूनिट शिमला भेजे जाने की जानकारी भी सामने आ रही है। इससे सिरमौर में पहले से चल रहे बस रूटों पर दबाव बढ़ गया है।जानकारी ये भी मिली है कि डिपो में बसों की कमी ऐसे समय में सामने आई है, जब तीन माह पहले नाहन डिपो की 10 बसें कंडम हो चुकी हैं और अक्टूबर के अंत तक 5 और बसें कंडम होने की संभावना है। ऐसे में 17 बसों के दूसरे डिपो में भेजे जाने से आने वाले समय में परिवहन व्यवस्था पर असर पड़ने की चिंता बढ़ गई है।
उधर, डीडीएम रामदयाल ने बताया कि 10 इलेक्ट्रिक बसों को ट्रायल के लिए शिमला भेजा गया है। वहीं, नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन डिपो से बसों को दूसरे डिपो में भेजे जाने के मामले को लेकर परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन बसों को वापस नाहन डिपो में मंगवाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर