मुख्यमंत्री से मिले हपूटवा प्रतिनिधि, शिक्षकों की पदोन्नति और कैस बहाली की उठाई मांग
शिमला, 19 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (हपूटवा) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को संघ के अध्यक्ष डॉ. नितिन व्यास के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू से भेंट कर उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश के महाविद्यालयों और पांचों विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की लंबित पदोन्नति (प्रमोशन) तथा कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (कैस) को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई।
डॉ. नितिन व्यास ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले लगभग चार वर्षों से शिक्षकों की पदोन्नति और कैस से संबंधित प्रक्रियाएं बाधित हैं, जिससे शिक्षकों की व्यावसायिक प्रगति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक लगातार शिक्षण, शोध और छात्र हितों के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी सेवा संबंधी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
संघ ने कहा कि समय पर पदोन्नति और कैस के लाभ मिलने से न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध गतिविधियों और शैक्षणिक वातावरण को भी मजबूती मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से इस विषय में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षकों की जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पदोन्नति और कैस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा तथा संबंधित विभागों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला