तकनीकी विविः पुनर्मूल्यांकन का परिणाम घोषित
हमीरपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने पुनर्मूल्यांकन का परिणाम घोषित किया है। जिन अभ्यर्थियों ने दिसंबर-जनवरी में आयोजित परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था, उनका परिणाम घोषित किया गया है। तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन (लॉट-1) का परिणाम घोषित किया है।
पुनर्मूल्यांकन के लिए बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए, एमसीए सहित सभी विषयों के 5084 उत्तर पुस्तिकाओं के आवेदन किया था, जिसमें से 4225 का परिणाम जारी किया है। उपरोक्त परिणाम अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं। वहीं, 858 उत्तरपुस्तिकायां पुनर्मूल्यांकन (लॉट-2) के लिए भेजी गई है, जिसका परिणाम जल्द ही घोषित किया जाएगा।
सेमेस्टर परीक्षाएंः 27 अप्रैल तक बिना लेट फीस भरें परीक्षा फॉर्म
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने मई व जून माह से प्रस्तावित नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। तकनीकी विवि व संबंधित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी व री-अपीयर परीक्षा देने वाले 27 अप्रैल तक बिना लेट फीस ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। 28 अप्रैल के बाद लेट फीस लगेगी। जिसके बारे में विस्तृत जानकारी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि अगले माह प्रस्तावित परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पोर्टल खोल दिया है। अभ्यर्थी तय तिथि में परीक्षा देने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए, एमसीए, एमटेक, एम फार्मेसी सहित सभी यूजी और पीजी विषयों की परीक्षा की संभावित तिथियां भी जल्द ही जारी कर दी। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि परीक्षा सभी ढ़ग से संचालित हो सके। इस बारे में सभी परीक्षा केंद्र को सूचित कर दिया है।
------------------
डिग्री पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को क्लास/ग्रेड सुधारने का मौका
------------------
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने सीबीसीएस (चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) और एनईपी (नेशनल एजुकेशन पॉलिसी) के तहत स्नातक (यूजी) व स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में डिग्री पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को अपनी क्लास/ग्रेड सुधारने का अवसर देने का निर्णय लिया है। जो अभ्यर्थी अपनी क्लास/ग्रेड सुधार करना चाहते हैं, ऐसे अभ्यर्थी 11 मई तक ऑफलाइन परीक्षा फॉर्म तकनीकी विवि में जमा कर सकते हैं। परीक्षा फॉर्म अभ्यर्थी डाक के माध्यम से या स्वयं तकनीकी विवि में जमा कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला