तकनीकी विविः मंगलवार से ऑनलाइन आवंटित होगी बीटेक, बी फार्मेसी की सीटें
हमीरपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर 14 जुलाई को बीटेक, बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की काउंसलिंग के पहले चरण में एचपीसीईटी व जेईई की मेरिट के आधार पर ऑनलाइन सीटें आवंटित करेगा। जिन अभ्यर्थियों को मेरिट और विकल्प के अनुसार जहां बीटेक व बी फार्मेसी की सीट आवंटित होगी, उस शिक्षण संस्थान में 16 जुलाई तक रिपोर्ट करनी होगी।
वहीं, ऑफलाइन काउंसलिंग शेड्यूल के अनुसार 14 जुलाई को ही एमबीए पर्यटन एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग की पहले चरण की काउंसलिंग तकनीकी विवि परिसर में होगी। फार्मा डी की पहले चरण की काउसंलिंग भी 14 जुलाई को फार्मेसी कॉलेज कथोग, ज्वालामुखी जिला कांगड़ा में होगी। बीएससी एचएमसीटी व बीएचएमसी की पहले चरण की काउंसलिंग 14 जुलाई को संबंधित शिक्षण संस्थानों में ही होगी, जहां उपरोक्त विषय चलते हैं। बीसीए और बीबीए की काउंसलिंग भी संबंधित शिक्षण संस्थानों में ही उपरोक्त तिथि को होगी।
तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि पहली बार बीटेक सहित अन्य विषयों की ऑनलाइन माध्यम से काउंसलिंग की जा रही है। जेईई, एचपीसीईटी की मेरिट के आधार पर सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को 14 जुलाई को पहले चरण की सीटें आवंटित की जाएगी। ऑनलाइन काउंसलिंग और सीट आवंटन सहित संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करने बारे अधिसूचना अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
तकनीकी विविः बीटेक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बीटेक अंतिम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित किया है। बीटेक अंतिम सेमेस्टर के सीबीसीएस के तहत सिविल इंजीनियरिंग में 426 में से 425 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में सभी 113, ईसीई में 182 में 181, ईईई में सभी 42, ईई में 300 में से 299, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में सभी 66 परीक्षार्थी उतीर्ण हुए हैं। वहीं, बीटेक सीएसई में 364 में से 361 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इसके अलावा बीटेक(एनईपी) के बीटेक (सीएस एंड ई) में सभी 45 और बीटेक (एआई-एमएल) में भी सभी 80 परीक्षा पास हुए हैं।
तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि मई-जून में बीटेक अंतिम सेमेस्टर की नियमित परीक्षार्थियों की परीक्षाएं आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षार्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला