तकनीकी विविः बी टेक, बी फार्मेसी की 1677 सीटें आवंटित

 


हमीरपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बी टेक, बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की चौथे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग में 1677 सीटें आवंटित की। बीटेक में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को सीटें का आवंटित एचपीसीईटी की मेरिट और अभ्यर्थियों द्वारा चुने शिक्षण संस्थानों के विकल्प के आधार पर किया है, जबकि बी फार्मेसी की 438 सीटें जमा दो की मेरिट के आधार पर आवंटित की गई। इसके अलावा एम फार्मेसी के पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग में दस सीटें आवंटित की गई।

तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार ने कहा कि बीटेक व बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) में तकनीकी विवि सहित संबंधित निजी व सरकारी शिक्षण संस्थानों में बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) और बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की 1677 सीटें आवंटित की गई। जिन अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई है, उन्हें 30 जुलाई तक संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करनी होगी, जहां उसे सीट मिली है। जो अभ्यर्थी तय तिथि को पांच बजे तक संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट नहीं करेगा, वह सीट खाली मानी जाएगी।

लेटरल एंट्री में आज आवंटित होगी सीटें

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर बी फार्मेसी व बी टेक (लेटरल एंट्री) की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 29 जुलाई होगी। डिप्लोमा की मेरिट के आधार पर बी फार्मेसी और बीटेक (लेटरल एंट्री) की सीटें आवंटित की जाएगी। वहीं, बी आर्क की ऑनलाइन काउंसलिंग के पहले चरण की सीटें भी 29 जुलाई को नाटा के मेरिट पर आवंटित की जाएगी। एमटेक की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 29 जुलाई को ही होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला