बिजली बोर्ड के पेंशनरों व कर्मचारियों ने याद किए चंद्र सिंह मंडयाल, दी श्रद्धांजलि

 


मंडी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों , मजदूरों और पेंशनर्स के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले चंद्र सिंह मंडियाल के निधन पर मंगलवार को बोर्ड के मुख्य अभियंता सेंट्रल जोन मंडी के प्रांगण में विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम मंडी और एचपीएसईबी एम्प्लॉई यूनियन मंडी द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें अपने हर दिल अजीज रहे चंद्र सिंह मंडयाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्युत बोर्ड पेंशनर्स और एच पी एस ई बी एम्प्लॉई यूनियन द्वारा आयोजित की गई इस शोक सभा में उपस्थित पेंशनर्स,अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत नेता को याद कर उनके योगदान को नमन किया।

एच पी एस ई बी एम्प्लॉई यूनियन के पूर्व में रहे महासचिव और वर्तमान में रहे पेंशनर्स फोरम के महासचिव स्वर्गीय चंद्र सिंह मंडयाल का इसी साल 19 अक्तूबर को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। स्वर्गीय चंद्र सिंह मंडयाल हमेशा मजदूरों,कर्मचारियों और पेंशनर्स के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहे । इसलिए वे हमेशा कर्मचारियों और पेंशनर्स के लोकप्रिय नेता रहे। यही कारण था कि वे वर्ष 1979 से लेकर 2007 तक लगभग अठाईस साल तक एचपीएसईबी एम्प्लॉई यूनियन के महासचिव और अपने अंतिम समय तक पेंशनर्स फोरम के महासचिव बने रहे। इसी दौरान उन्होंने कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों की रक्षा करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए और ट्रेड यूनियन के आंदोलन को मजबूत करने के लिए अहम भूमिका निभाई। कर्मचारियों मजदूरों और पेंशनर्स के अधिकारों के प्रति उनके योगदान, संघर्ष और समर्पण को याद करते हुए सभी वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन हमारे लिये और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा