कॉमर्स, संगीत, समाज शास्त्र और हिंदी शिक्षकों की भर्ती परीक्षाएं 14-15 जुलाई को

 

हमीरपुर, 23 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के पदों की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि कॉमर्स शिक्षक पोस्ट कोड 26020 की परीक्षा 14 जुलाई को सुबह 9 से 10ः30 बजे तक, संगीत शिक्षक पोस्ट कोड 26021 की परीक्षा इसी दिन दोपहर 12ः30 बजे से 2 बजे तक और समाज शास्त्र शिक्षक पोस्ट कोड 26029 की परीक्षा भी इसी दिन शाम को 4 से 5ः30 बजे तक होगी। जबकि, हिंदी शिक्षकों की परीक्षा 15 जुलाई को सुबह 9 से सायं 5ः30 बजे तक तीन शिफ्टों में करवाई जाएगी।

डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।

सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला