टीजीटी आर्ट्स का फाइनल परिणाम घोषित, 414 उम्मीदवारों का चयन
हमीरपुर, 10 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में टीजीटी (आर्ट्स) के 425 पदों (ट्रेनी) को भरने के लिए पोस्ट कोड-25001 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 44,155 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 38,220 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 664 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था।
16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक और एक जून को दस्तावेजों की जांच के बाद 414 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 2 और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 7 पद खाली रह गए हैं। न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण सामान्य श्रेणी के भी 2 पद भी फिलहाल खाली रखे गए हैं। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला