एचपीएनएलयू 11 अक्टूबर को आयोजित करेगा तीसरा दीक्षांत समारोह

 


शिमला, 04 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, शिमला का तीसरा दीक्षांत समारोह अगामी 11 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह में अध्ययन कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन में पांच वर्षीय एकीकृत विधि पाठ्यक्रम के अंतर्गत कला विधि स्नातक और व्यवसाय प्रशासन विधि स्नातक के वर्ष 2020-25 तथा 2021-26 के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा एक वर्षीय विधि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के वर्ष 2024-25 और 2025-26 के विद्यार्थी तथा विधि में विद्यावाचस्पति की उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थी भी दीक्षांत समारोह का हिस्सा होंगे।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) प्रीति सक्सेना ने बताया कि समारोह की तैयारियों के तहत विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शिक्षक सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों की कई समितियों का गठन किया है। ये समितियां समारोह स्थल, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अतिथियों के स्वागत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में जुटी हैं।

दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता और अभिभावक, न्यायपालिका के सदस्य, विधि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, शिक्षाविद, विशिष्ट अतिथि, पूर्व विद्यार्थी तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल हाेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला