मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष ने विधायक नंद लाल के निधन पर जताया शोक

 


शिमला, 03 नवंबर (हि.स.)। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल के निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गहरा शोक व्यक्त किया गया है। शोक संदेश में कहा गया कि नंद लाल का निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। नंद लाल बीते कई दिनों से बीमार थे, उनका आज सुबह शिमला में निधन हो गया। वे रामपुर से लगातार चौथी बार विधायक बने थे।

उन्होंने कहा कि नंद लाल अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले और पार्टी के प्रति निष्ठावान नेता थे। स्पष्ट विचारों वाले उनके व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पित सार्वजनिक जीवन को सदैव याद किया जाएगा।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

नेता विपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भी नंद लाल के निधन पर शोक जताया है। जय राम ठाकुर ने अपने संदेश में कहा कि रामपुर के विधायक आदरणीय नंद लाल जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारजनों एवं समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला