3 नई पंचायतों के गठन से विकास को मिलेगा बल : विनय कुमार

 


शिमला, 02 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रेणुका जी के विधायक विनय कुमार ने कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में तीन नई पंचायतों के गठन से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं घर के नजदीक उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने हरिपुरधार महल क्षेत्र की सांगना पंचायत से गाता मंडवाच नई पंचायत, रेणुका क्षेत्र की भाटगढ़ पंचायत से चाड़ना नई पंचायत तथा भवाई पंचायत से कुफ़र केंथु नई पंचायत के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है।

विधायक विनय कुमार ने कहा कि इन क्षेत्रों के लोग लंबे समय से नई पंचायतों के गठन की मांग कर रहे थे। सरकार द्वारा अधिसूचना जारी होने से स्थानीय जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।

उन्होंने कहा कि नई पंचायतों के गठन से लोगों को अपने दैनिक और विकास संबंधी कार्यों के लिए अब दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। इससे प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी और क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा।

विधायक ने नई पंचायतों के गठन पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि इससे क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला