हिमाचल में भीषण गर्मी से राहत, 26 मई से फिर लू का अलर्ट
शिमला, 22 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। वेस्टर्न डिस्टरवेन्स के एक्टिव होने की वजह से सुबह शिमला, मनाली, चंबा, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई इलाकों में बादल बरसे, हल्की बारिश हुई और तेज अंधड़ चला। हालांकि दोपहर तक अधिकांश जगह मौसम साफ हो गया, लेकिन सुबह हुई बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब रहने और 26 मई से फिर लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी शिमला में सुबह हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम ठंडा हो गया। वहीं मनाली और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। चंबा, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में भी तेज हवाओं और हल्की बारिश का असर देखने को मिला। बीते 24 घंटों के दौरान सुंदरनगर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, जोत और भुंतर में अंधड़ और बिजली चमकने की घटनाएं हुईं, हालांकि किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
सबसे बड़ा असर ऊना और शिमला में देखने को मिला। ऊना का अधिकतम तापमान आज 44 डिग्री से गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि शिमला का पारा 30 डिग्री से घटकर 25 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, नाहन में 36.7, कांगड़ा में 33.3, धौलाकुआं में 32.7, नेरी में 32.4, सुंदरनगर में 31.2, मंडी में 31, चंबा में 29.8, जुब्बड़हट्टी में 27.2, भुंतर में 24.1, कल्पा में 21.4 और ताबो में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि दिन के तापमान में गिरावट आई है, लेकिन रातें अब भी सामान्य से ज्यादा गर्म बनी हुई हैं। बीती रात शिमला प्रदेश की गर्म रातों में शामिल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है।
राज्य का औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि 23, 24 और 25 मई को मध्यवर्ती और पर्वतीय इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अधिकतर साफ रहेगा।
मौसम विभाग ने 26 और 27 मई के लिए फिर से लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 मई को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि 26 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद गर्मी फिर तेजी से बढ़ सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा