हिमाचल में चोटियों पर बर्फबारी, कई इलाकों में आंधी-बारिश, छह मई तक अलर्ट
शिमला, 04 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार तीसरे दिन भी सख्त रुख में बना हुआ है। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में घने बादलों का डेरा है। बीती रात भी शिमला और आसपास के इलाकों में तेज आंधी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं और बिजली की तारें टूटने से भी आपूर्ति बाधित हुई है।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर ऊपरी क्षेत्रों में ज्यादा देखने को मिला है। शिमला और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि हुई, जिससे सेब और गुठलीदार फलों की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं, राज्य की ऊंची चोटियों पर बीती रात से हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई है, जिससे ठंड फिर से लौट आई है।
इस बेमौसमी बारिश का असर खेती पर भी पड़ा है। निचले और मैदानी इलाकों में गेहूं की कटाई और पिसाई का काम प्रभावित हुआ है। कई जगह कटाई के बाद खेतों में पड़ी फसल बारिश से भीगकर खराब हो गई है। किसानों के लिए यह मौसम चिंता का कारण बन गया है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। विभाग ने 6 मई तक राज्य में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। खासकर 4 और 5 मई को मौसम के ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है। 7 से 10 मई के बीच भी बारिश का अनुमान है, हालांकि इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई है। सराहन में 25 मिमी, जतौंन बैरेज में 24 मिमी, चौपाल में 22 मिमी, घागस में 20 मिमी और शिमला में 17 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा सुंदरनगर, शिमला और जुब्बड़हट्टी में बिजली कड़कने की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि बिलासपुर और सुंदरनगर में तेज हवाएं चली हैं।
लगातार बारिश, ओलावृष्टि और आंधी के कारण तापमान में गिरावट आई है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का एहसास फिर बढ़ गया है, जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में भी मई महीने के बावजूद गर्मी का असर नजर नहीं आ रहा है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री, सुंदरनगर में 14.6 डिग्री, भुंतर में 12.7 डिग्री, कल्पा में 7.0 डिग्री, धर्मशाला में 16.8 डिग्री, ऊना में 17.0 डिग्री, नाहन में 15.3 डिग्री, पालमपुर में 15.0 डिग्री, सोलन में 4.8 डिग्री, मनाली में 8.6 डिग्री, कांगड़ा में 17.2 डिग्री, मंडी में 15.5 डिग्री, बिलासपुर में 16.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 11.6 डिग्री, कुकुमसेरी में 4.1 डिग्री, सेओबाग में 11.4 डिग्री, बरठीं में 15.9 डिग्री, पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री, सराहन में 9.1 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री और ताबो में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा