हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, कई जगह माइनस में पारा, 13 अप्रैल से खुलेगा मौसम

 


शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के महीने में भी मौसम के कड़े तेवरों से लोगों को भीषण सर्दी से ठिठुरना पड़ रहा है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को भी ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 12 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि 13 अप्रैल से मौसम साफ हो जाएगा।

गुरुवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्र नारकण्डा में भी ताज़ा हिमपात दर्ज किया गया। शिमला शहर में दोपहर बाद बारिश हुई और ऊपरी इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। ओलावृष्टि का असर सेब उत्पादक क्षेत्रों में ज्यादा देखा गया है, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। इस दौरान खदराला में 5 सेंटीमीटर, गोंदला में 2 सेंटीमीटर और केलांग में 1 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। वहीं वर्षा की बात करें तो बिलासपुर के आरएल बांध क्षेत्र में 5 सेंटीमीटर, नैना देवी में 3 सेंटीमीटर, चौपाल, गोहर और निचार में 3-3 सेंटीमीटर तथा धर्मशाला, रोहड़ू, नगरोटा सूरियां, मनाली और अंब जैसे कई स्थानों पर 2 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।

तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है और कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। गुरुवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कल्पा में माइनस 0.2 डिग्री रहा। इसके बाद शिमला में 3.6 डिग्री, मनाली में 4.9 डिग्री, सोलन में 6.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 7.0 डिग्री, धर्मशाला में 7.3 डिग्री, पालमपुर में 8.0 डिग्री, भुंतर में 9.0 डिग्री, नाहन में 9.2 डिग्री, कांगड़ा में 9.6 डिग्री, सुंदरनगर और बिलासपुर में 10.0-10.0 डिग्री, ऊना में 10.0 डिग्री तथा मंडी में 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तापमान में इस गिरावट से पूरे प्रदेश में ठंड का असर फिर बढ़ गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भी 9 से 14 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। इसके कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है, जबकि मध्य और निचले क्षेत्रों में भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 9 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

उधर, चौपाल और रोहड़ू सहित कुल्लू और लाहौल-स्पीति के कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हाल की बर्फबारी के कारण कुछ संपर्क सड़कें अभी भी प्रभावित बताई जा रही हैं। प्रशासन द्वारा मार्ग बहाली का कार्य जारी है, हालांकि ऊपरी क्षेत्रों में आवाजाही अभी भी आंशिक रूप से प्रभावित बनी हुई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 से 12 अप्रैल के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है। हालांकि 13 अप्रैल से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा