हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हिमपात, जलोड़ी जोत में यातायात ठप, 12-13 नवम्बर को अलर्ट
शिमला, 10 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। कुल्लू जिले के जलोड़ी जोत में बीती रात हुई बर्फबारी के बाद सड़क पर करीब एक इंच बर्फ जम गई। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जलोड़ी जोत के पास कई पर्यटक और वाहन फंस गए, जिन्हें पुलिस की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 14 नवंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने 12 और 13 नवंबर को कई जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचाई वाले इलाकों में इस दौरान बर्फबारी की भी संभावना है।
जलोड़ी जोत में बर्फबारी से फंसे पर्यटक
कुल्लू जिले के जलोड़ी दर्रे और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार रात अचानक बर्फबारी हुई। इससे बरानाला सड़क पर करीब एक इंच बर्फ जम गई और छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। पुलिस की रेस्क्यू टीम ने दर्रे के पास फंसे आठ दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों को सुरक्षित निकालकर सोझा पहुंचाया। इसके अलावा दो छोटे वाहनों को टो करके दर्रा पार कराया गया। अन्य वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी के वैकल्पिक मार्ग की ओर भेजा गया। पुलिस प्रशासन ने सोझा, घियागी और जिभी के स्थानीय निवासियों तथा टैक्सी चालकों को पर्यटकों को मौसम और सड़क की स्थिति के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से बर्फ से ढकी और फिसलन भरी सड़कों पर यात्रा से बचने की अपील की है। विशेष रूप से रात के समय जलोड़ी दर्रे की ओर नहीं जाने और मौसम सामान्य होने तक यात्रा टालने की सलाह दी गई है।
12 और 13 नवंबर को पांच जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 13 नवंबर को शिमला जिला भी मौसम विभाग के येलो अलर्ट के दायरे में रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 15 और 16 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
कुकुमसेरी में पारा शून्य से नीचे, मैदानी इलाकों में धुंध
प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ रही है। हालांकि शिमला, मनाली और अन्य पर्यटन स्थलों पर सुबह धूप निकलने से दिन के समय कुछ राहत मिल रही है। दूसरी ओर, निचले और मैदानी इलाकों में सुबह धुंध का असर बढ़ने लगा है। मंगलवार सुबह सुंदरनगर में दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई।
पांवटा साहिब में सबसे अधिक 18 डिग्री तापमान
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कल्पा में 3.0 डिग्री, मनाली में 6.8 डिग्री, सेओबाग में 7.0 डिग्री, बजौरा में 7.4 डिग्री, भुंतर में 8.2 डिग्री, सोलन और बरठीं में 8.4 डिग्री, सुंदरनगर में 8.6 डिग्री, चंबा में 8.7 डिग्री और कुफरी में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पालमपुर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, बर्माऊ और बिलासपुर में 10.0 डिग्री, मंडी में 10.2 डिग्री, शिमला में 11.0 डिग्री, ऊना में 11.2 डिग्री, कांगड़ा में 11.4 डिग्री और धर्मशाला में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नाहन में यह 12.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 13.0 डिग्री, नेरी में 15.2 डिग्री, सराहन में 16.4 डिग्री और पांवटा साहिब में सबसे अधिक 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा