हिमाचल में 10 नवम्बर से बदलेगा मौसम, चार दिन बारिश और बर्फबारी के आसार

 


शिमला, 07 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद 10 नवम्बर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इस बदलाव की वजह एक नया पश्चिमी विक्षोभ होगा, जो 10 नवम्बर से सक्रिय होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 और 11 नवम्बर को राज्य के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 12 और 13 नवम्बर को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इन दो दिनों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम में इस बदलाव से खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू में बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिलों के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में इस दौरान अच्छी बर्फबारी हो सकती है। शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। हालांकि, 10 से 13 नवम्बर के बीच प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है।

वहीं, मैदानी इलाकों में इस अवधि के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में 8 और 9 नवम्बर को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलना शुरू हो जाएगा।

दिन में धूप, रातें हो रही हैं ठंडी

शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिन के समय धूप खिली रही। शिमला और मनाली में भी मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि, रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। आने वाले दिनों में ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने से ठंड और बढ़ने की संभावना है।

कुकुमसेरी में माइनस 2.5 डिग्री पहुंचा तापमान

प्रदेश में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलोंग और ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कल्पा में 3.6, मनाली में 5.7, सेओबाग में 6.0, बजौरा में 6.5 और भुंतर में 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सोलन में न्यूनतम तापमान 7.8, सुंदरनगर में 8.7, कुफरी में 8.8, चम्बा में 9.4, पालमपुर में 9.5, बरठीं में 9.6 और मंडी में 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी तरह भरमौर और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री, कांगड़ा में 11.6, धर्मशाला में 12.2 और नाहन में 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जुब्बड़हट्टी में न्यूनतम तापमान 13.1 और ऊना में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देहरा गोपीपुर में न्यूनतम तापमान 14.0, नेरी में 15.5, सराहन में 16.4 और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा