हिमाचल में 23 फरवरी को बर्फबारी के आसार, कोई अलर्ट नहीं

 


शिमला, 20 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे सूखे के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 23 फरवरी को राज्य के पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। हालांकि विभाग ने किसी भी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है। इससे पहले और बाद के दिन मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार सक्रिय हो रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर प्रदेश में केवल एक दिन के लिए दिखाई देगा। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले इलाकों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

विभाग का कहना है कि 20, 21 और 22 फरवरी को प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 23 फरवरी को कुछ स्थानों पर असर दिखेगा और 24 से 27 फरवरी तक फिर से मौसम के साफ रहने के आसार हैं।

प्रदेश में इस बार सर्दियों का मौसम अपेक्षाकृत सूखा रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी से अब तक हिमाचल में सामान्य से 28 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। फरवरी माह भी अब तक लगभग सूखा ही रहा है और बहुत कम स्थानों पर बादल बरसे हैं। राज्य में आखिरी बार 23 और 27 जनवरी को व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हुई थी। इसके बाद से मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ी हुई है।

तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है।

राज्य के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में ठंड का असर सबसे अधिक बना हुआ है। केलंग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। कुकुमसेरी में तापमान माइनस 2.9 डिग्री और ताबो में माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। शिमला में 7.4 डिग्री, सुंदरनगर में 8.1 डिग्री, भुंतर में 7.2 डिग्री, कल्पा में 0.2 डिग्री, धर्मशाला में 9.2 डिग्री, ऊना में 8.8 डिग्री, नाहन में 9.1 डिग्री, पालमपुर में 8.5 डिग्री, सोलन में 6.2 डिग्री, मनाली में 3.9 डिग्री, कांगड़ा में 10.3 डिग्री, मंडी में 8.5 डिग्री, बिलासपुर में 10.5 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 9.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा