हिमाचल में लगातार पांच दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, दो दिन के लिए येलो अलर्ट

 


शिमला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार पांच दिन खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 29 और 30 अक्टूबर को कई जिलों में आंधी, बिजली और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा और शिमला व मनाली में दिनभर धूप खिली रही। अगले 24 घंटे यानी 28 अक्टूबर को भी मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 29, 30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के सभी हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। पहली नवंबर को मध्य पर्वतीय और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, 2 नवंबर को मौसम का असर केवल ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों तक सीमित रह सकता है। इस दिन मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

29 और 30 अक्टूबर को येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 30 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में मौसम बिगड़ने के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में मौसम का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग रहेगा।

लाहौल-स्पीति में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे

इस बीच मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में सामान्य के मुकाबले 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति जिले के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।

मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में -2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद ताबो में 0.2 डिग्री सेल्सियस और केलांग में 0.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख स्थानों में कल्पा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 5.9 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 8.0 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 9.0 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 9.8 डिग्री सेल्सियस और शिमला में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 13.6 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान पहाड़ी क्षेत्रों के मुकाबले अधिक दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा