हिमाचल प्रदेश में लगातार छह दिन भारी बारिश की चेतावनी, 19 से 22 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट

 


शिमला, 17 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले करीब पांच दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी रही है और ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। अब मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 18 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है, जबकि 19 से 22 जुलाई के बीच मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। इस अवधि के लिए अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से फ्लैश फ्लड, बादल फटने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार, 18 जुलाई को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को लेकर यलो अलर्ट रहेगा। 19, 20, 21 और 22 जुलाई को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 23 जुलाई को भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं होगा और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को लेकर फिर यलो अलर्ट रहेगा। विभाग का कहना है कि इस दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें और खराब मौसम के दौरान यात्रा करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें।

राज्य में पिछले कुछ दिनों से बारिश कमजोर रहने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इसका असर रात के तापमान पर भी दिखा और कई स्थानों पर रातें सामान्य से ज्यादा गर्म रहीं।

शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 27.0 डिग्री सेल्सियस देहरा गोपीपुर और पांवटा साहिब में दर्ज किया गया। इसके बाद हमीरपुर 26.2, नेरी 25.5, बिलासपुर 25.0, सुंदरनगर 24.7, कांगड़ा 24.2, बरठीं 24.3, ऊना 23.5, मंडी 23.2, भुंतर 22.4, नाहन 21.3, सीओबाग 21.3, पालमपुर 21.0, जुब्बड़हट्टी 20.5, सोलन 20.2, सैंज 20.0, कोटखाई 19.6, मनाली 19.4, कसौली 18.8, धर्मशाला 18.4, मशोबरा 18.2, शिमला और रिकांगपिओ 18.0, कुफरी 15.6, ताबो 15.0, कल्पा 14.6, भरमौर 14.0, कुकुमसेरी 12.3 और केलांग में 12.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक 28.8 मिलीमीटर बारिश कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां में दर्ज की गई। इसके अलावा कांगड़ा में 10.2 मिलीमीटर, मंडी जिले के मुरारी देवी में 4.0 मिलीमीटर और कांगड़ा जिले के गूलर में 2.8 मिलीमीटर बारिश हुई। पालमपुर में 2.4 और धर्मशाला में 2.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

पिछले सप्ताह कई इलाकों में हुई भारी बारिश और भूस्खलन से बड़ी संख्या में सड़कें बंद हो गई थीं। इनके बहाली का काम अभी भी जारी है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शुक्रवार तक प्रदेश में भूस्खलन के कारण करीब 50 सड़कें अब भी बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 28 सड़कें अकेले कुल्लू जिले में अवरुद्ध हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह की शुरुआत में बारिश तेज होने पर ऐसे इलाकों में परेशानी फिर बढ़ सकती है। इसलिए लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और प्रशासन की सलाह को गंभीरता से लेने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा