हिमाचल में मानसून पड़ा धीमा, 17 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट नहीं
शिमला, 11 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार पिछले कुछ दिनों से कमजोर बनी हुई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। शिमला में दिन में बादल छाए रहे, शाम के समय अचानक बारिश हुई। जबकि मैदानी इलाकों में बारिश न होने से उमस बनी रही। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में आठ मिलीमीटर, पंडोह में छह मिलीमीटर और कांगड़ा में पांच मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने अगले छह दिनों में यानी 17 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना से इनकार किया है। इस अवधि के लिए किसी तरह का बारिश संबंधी अलर्ट भी जारी नहीं किया गया है। सितंबर की शुरुआत में प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा था और कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी। इसके बाद बारिश का दौर कमजोर पड़ गया। इस मानसून सीजन में एक जून से 10 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस साल मानसून ने हिमाचल में 30 जून को दस्तक दी थी। प्रदेश से मानसून की सामान्य विदाई सितंबर के अंत में होती है।
हालांकि, पिछले दिनों हुई व्यापक बारिश का असर अभी भी कई क्षेत्रों में बना हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में 60 सड़कें और छह बिजली ट्रांसफार्मर अभी प्रभावित हैं। किसी भी पेयजल योजना के प्रभावित होने की सूचना नहीं है। मंडी में 28, कुल्लू में 11, कांगड़ा में 10, सिरमौर में चार और शिमला में तीन सड़कें अवरुद्ध हैं। कुल्लू के बंजार में चार और शिमला के रामपुर में दो बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं।
इस मानसून सीजन में बारिश से जुड़ी घटनाओं ने प्रदेश में जान-माल को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मानसून सीजन में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 296 लोगों की मौत हुई है, जबकि 520 लोग घायल हुए हैं। चार लोग अभी लापता हैं। मृतकों में 177 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। वहीं, 119 लोगों की जान भूस्खलन, अचानक आई बाढ़, फिसलने, बहने और अन्य बारिश जनित हादसों में गई है।
बारिश से प्रदेश में संपत्ति को भी बड़ा नुकसान हुआ है। मानसून सीजन में 129 घर, 17 दुकानें और 470 पशुशालाएं पूरी तरह ध्वस्त हुई हैं। 499 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। मानसून से प्रदेश में चल और अचल संपत्ति को कुल 1,661 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें लोक निर्माण विभाग को अकेले 1,241 करोड़ रुपये का नुकसान शामिल है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि सितंबर का महीना अभी बाकी है और मानसून की सामान्य विदाई महीने के अंत में होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा