हिमाचल में 24 और 25 अक्टूबर को बारिश-बर्फबारी के आसार, पारा लुढ़का

 


शिमला, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 और 25 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। इस दौरान किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम बना हुआ है, लेकिन सुबह और शाम ठंड बढ़ रही है। मंगलवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

24 और 25 अक्टूबर को बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 21, 22 और 23 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को कुछ क्षेत्रों में बारिश और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। 26 अक्टूबर को प्रदेश में फिर से मौसम साफ रहने की संभावना है। बारिश और बर्फबारी को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ रही ठंड

प्रदेश में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को शिमला, मनाली और दूसरे क्षेत्रों में सुबह से धूप खिली है। इससे दिन के समय मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी और ताबो में तापमान एक डिग्री से नीचे

मौसम विभाग की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति जिला के ताबो में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में यह 0.6 डिग्री और केलांग में 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, मनाली में 5.5 डिग्री और भुंतर में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन शहरों में सामान्य से कम रहा न्यूनतम तापमान

मंगलवार को उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पालमपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। चंबा में यह सामान्य से 3.2 डिग्री, नाहन में 2.7 डिग्री, मंडी में 2.6 डिग्री और बिलासपुर में 2.5 डिग्री कम रहा। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री, भुंतर में 1.6 डिग्री और सोलन में 1.4 डिग्री कम दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा