हिमाचल में 2-3 दिन में दस्तक देगा मानसून, 2 से 4 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट
शिमला, 28 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक का इंतजार अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज, मोतिहारी और 28.3 डिग्री उत्तर अक्षांश तक पहुंच चुकी है।
विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा। उत्तराखंड में मानसून पहुंचते ही हिमाचल प्रदेश में भी इसके प्रवेश की परिस्थितियां अनुकूल हो जाएंगी। इस बार मानसून की चाल अपेक्षाकृत सुस्त रही है। सामान्य तौर पर हिमाचल में मानसून 25 जून के आसपास दस्तक देता है, जबकि पिछले वर्ष यह 20 जून को ही राज्य में पहुंच गया था। इस बार जून के अंतिम सप्ताह तक भी प्रदेश को मानसून का इंतजार करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है। 28, 29 और 30 जून के अलावा 1 जुलाई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की संभावना है। 2 जुलाई से मौसम और अधिक सक्रिय होने का अनुमान है। विभाग ने 2, 3 और 4 जुलाई के लिए प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि लोगों को खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 17.1 मिलीमीटर बारिश धर्मशाला में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिरमौर जिले के जट्टन बैराज में 5.4 मिलीमीटर, पालमपुर में 5.2 मिलीमीटर और चंबा जिले के जोत में 4.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। रविवार सुबह भी प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बदला-बदला रहा। कुछ स्थानों पर बादल छाए हैं, जबकि कई क्षेत्रों में धूप खिली है। शिमला, कांगड़ा और मुरारी देवी क्षेत्र में बीती एआत5 गरज-चमक की गतिविधियां भी दर्ज की गईं। कोटखाई में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
मानसून की प्रतीक्षा के बीच प्रदेश में गर्मी और उमस का असर भी बढ़ रहा है। बीते कल शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में भी लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार सुबह दर्ज न्यूनतम तापमानों में पांवटा साहिब 29.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद देहरा गोपीपुर 26.0, नेरी 25.4, कांगड़ा और बिलासपुर 24.0-24.0, ऊना और मंडी 23.5-23.5, हमीरपुर 23.3, बरठीं 23.2, नाहन 23.1, सुंदरनगर 22.5, जुब्बड़हट्टी 21.2, भुंतर 21.4, पालमपुर 21.0, चंबा 20.6, सेओबाग 20.4, धर्मशाला और सोलन 19.8-19.8, सराहन 19.7, रिकांगपिओ 18.4, मशोबरा 18.3, शिमला 18.2, मनाली 17.5, कुफरी 15.7, कल्पा 15.0, नारकंडा 13.5, केलांग 11.3, भरमौर 10.0 और कुकुमसेरी 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा