हिमाचल की पर्वत श्रंखलाओं पर हल्का हिमपात, शिमला में बढ़ी ठंड
शिमला, 21 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई। इसका असर राजधानी शिमला में देखा गया। शिमला में दिन भर बादल छाए रहने से ठंड काफी बढ़ गई है। दूसरी ओर राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है।
जनजातीय इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड के कारण प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जम गया है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान राजधानी शिमला के न्यूनतम तापमान में डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यहां का पारा सामान्य से नीचे आ गया है। इसके साथ ही पर्यटन स्थल मनाली और कुफरी के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के पांच प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। इनमें पालमपुर का तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री, नाहन का 1.3 डिग्री, मंडी और बिलासपुर का 1.0-1.0 डिग्री तथा शिमला का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी सूची के मुताबिक लाहौल स्पीति जिला के ताबो में न्यूनतम माइनस 4.2 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 3.1 डिग्री, केलांग में 0.3 डिग्री, कल्पा में 3.5 डिग्री, मनाली में 3.9 डिग्री, बजौरा में 4.5 डिग्री, सेऊबाग में 4.8 डिग्री, भुंतर में 5.1 डिग्री, बरठीं में 6.1 डिग्री, सोलन में 6.2 डिग्री, कुफरी में 6.3 डिग्री, सुंदरनगर में 6.6 डिग्री, शिमला और पालमपुर में 7.5 डिग्री, मंडी में 7.7 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, ऊना में 10.0 डिग्री, कांगड़ा में 10.2 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 10.5 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 11.0 डिग्री, नाहन में 11.5 डिग्री, धर्मशाला में 11.8 डिग्री, नेरी में 13.2 डिग्री, सराहन में 14.9 डिग्री और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 27 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। अगले एक सप्ताह तक राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी होने की कोई संभावना नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा