हिमाचल में सीजन का सबसे गर्म दिन, ऊना में पारा 40 डिग्री
शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इस साल अप्रैल महीने में ही गर्मी ने जून जैसी तपिश का एहसास करा दिया है। गुरुवार को प्रदेश ने सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया, जब ऊना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है। मैदानी इलाकों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है और लोग दिन के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुंदरनगर में 35.8, बरठीं में 35.3, मंडी में 35, नाहन में 34.9 और भुंतर में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हैरानी की बात यह है कि पहाड़ी और ठंडे माने जाने वाले हिल स्टेशनों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। शिमला में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है। इसी तरह मनाली में 26.8, कल्पा में 24.6 और ताबो में 17.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन इलाकों में भी पर्यटक और स्थानीय लोग गर्मी से असहज महसूस कर रहे हैं और कुछ लोग धूप से बचने के लिए छातों का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार साफ मौसम और तेज धूप के कारण दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है, जिससे रातों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी 5.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि ताबो में 6.4, कल्पा में 9.0, मनाली में 10.4, सराहन में 10.6, भुंतर में 13.1, बरठीं में 13.8, सोलन में 15.0, सुंदरनगर में 15.6, शिमला में 16.4, पालमपुर में 16.5, मंडी में 16.7, धर्मशाला और ऊना में 17-17, बिलासपुर में 17.5, नाहन में 18.0, कांगड़ा में 18.2, जुब्बड़हट्टी में 19.5 और पांवटा साहिब व देहरा गोपीपुर में 22-22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
हालांकि, इस बढ़ती गर्मी के बीच राहत की बात भी सामने आई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 24 अप्रैल से प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। 25 अप्रैल से कई इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 26 और 27 अप्रैल को भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज के साथ गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं 28 और 29 अप्रैल को मौसम और अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं, जब कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने 25, 27, 28 और 29 अप्रैल के लिए गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवातीय सिस्टम के सक्रिय होने के कारण होगा। आने वाले छह दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा