हिमाचल में तीन से पांच दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार, शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म

 


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में करीब एक महीने से जारी सूखे का दौर दिसंबर के पहले सप्ताह में टूट सकता है। मौसम विभाग ने तीन से पांच दिसंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। चार और पांच दिसंबर को मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को मिलेगा। मैदानी और निचले इलाकों में बारिश, जबकि मध्यम ऊंचाई और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। इससे शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली और डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सीजन की पहली बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दो दिसम्बर तक पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बिलासपुर, मंडी व हमीरपुर जिला के कुछ हिस्सों में सुबह-शाम घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। तीन दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से तीन दिसंबर को प्रदेश के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ही बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। चार और पांच दिसंबर को इसका असर प्रदेश के अन्य हिस्सों तक पहुंचेगा। इस दौरान निचले और मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलकों में बर्फबारी का अनुमान है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों को इससे राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश और हिमपात से प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

प्रदेश में नवंबर के दौरान बारिश की स्थिति बेहद कमजोर रही है। इस महीने सामान्य तौर पर होने वाली बारिश के मुकाबले 82 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। आसमान साफ रहने और लंबे समय से बादल नहीं बरसने के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड से परेशानी बढ़ रही है। शुष्क मौसम के कारण वातावरण में नमी की कमी भी महसूस की जा रही है।

शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म

प्रदेश के तापमान में इन दिनों एक दिलचस्प स्थिति देखने को मिल रही है। पहाड़ी पर्यटन स्थल शिमला की रातें कई मैदानी और निचले इलाकों के मुकाबले गर्म बनी हुई हैं। रविवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।

इसके मुकाबले निचले इलाकों सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, मंडी में 5.7 डिग्री, ऊना और बिलासपुर में 7.0 डिग्री तथा कांगड़ा में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह सुंदरनगर में शिमला के मुकाबले पांच डिग्री, मंडी में चार डिग्री, ऊना और बिलासपुर में 2.7 डिग्री तथा कांगड़ा में 1.3 डिग्री कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यानी इन मैदानी और निचले क्षेत्रों में रात के समय शिमला से ज्यादा ठंड रही।

लाहौल स्पीति के ताबो में माइनस 4.9 डिग्री, ऊंचे इलाकों में जम रहे जलस्रोत

जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिले के पांगी जैसे ऊंचे इलाकों में कई दिनों से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। कड़ाके की ठंड के कारण झीलों, झरनों, नालों और प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जम गया है।

रविवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के ताबो में माइनस 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में यह माइनस 3.2 डिग्री और केलांग में माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पांवटा साहिब में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान

रविवार को प्रदेश के विभिन्न मौसम केंद्रों में दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार बजौरा में 2.9 डिग्री, भुंतर में 3.2 डिग्री, कल्पा में 3.6 डिग्री, मनाली में 4.2 डिग्री, सुंदरनगर में 4.7 डिग्री और सोलन में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी तरह मंडी और चंबा में 5.7 डिग्री, बरठीं में 5.8 डिग्री, कुफरी में 6.6 डिग्री, ऊना, पालमपुर और बिलासपुर में 7.0 डिग्री, कांगड़ा में 8.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 8.8 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 9.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

शिमला में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री, नाहन में 10.0 डिग्री, धर्मशाला में 10.8 डिग्री, सराहन में 11.3 डिग्री और नेरी में 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा